मेरठ (हि.स.)। चौधरी चरण सिंह विवि के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का नाम बदलकर राष्ट्रवादी पत्रकार, स्वतंत्रता आंदोलन के प्रणेता और समाज सुधार लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के नाम करने का निर्णय लिया गया। विवि कार्य परिषद की बैठक में इस पर बुधवार को मुहर लगी।
चौधरी चरण सिंह विवि के प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र गुप्ता ने बताया कि बुधवार को कुलपति प्रो. एनके तनेजा की अध्यक्षता में विवि कार्य परिषद की बैठक आयोजित हुई। जिसमें पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का नाम अब तिलक स्कूल ऑफ मॉस कम्युनिकेशन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में 17 शोध छात्रों को शोध उपाधि दिए जाने का निर्णय लिया गया। संस्कृत विभाग में चल रहे सभी विषयों की फीस अब नियमित विभागों के बराबर होगी। इस पर कार्य परिषद ने अपनी संस्तुति दे दी। इसके साथ ही 43 महाविद्यालयों की सम्बद्धता विस्तार एवं नवीन सम्बद्धता दिए जाने का निर्णय लिया गया। विवि की 09 एकड़ भूमि में पौधरोपण करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला, वित्त अधिकारी सुशील गुप्ता, कार्यवाहक कुलसचिव कमल कृष्ण, डॉ. दर्शल लाल अरोडा, डॉ. अरूण कुमार, प्रो. हरिभाऊ गोपीनाथ खंडेकर, प्रो. हरे कृष्णा, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. जयमाला, प्रो. विजय जायसवाल, प्रो. अनिल मलिक, प्रो. रविंद्र कुमार, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. अंजलि मित्तल, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. दीपशिखा, डॉ. जीनत जैदी, प्रो. प्रशांत कुमार आदि उपस्थित रहे।
