Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ : पुलिस टीम पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ करके गोकश...

मेरठ : पुलिस टीम पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ करके गोकश को छुड़ाया

मेरठ (हि. स.)। दौराला थाना क्षेत्र के रूहासा गांव में गोकश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपित के परिजनों और ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए आरोपित को छुड़ा लिया। हमले में जहां दरोगा सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। रुहासा निवासी मुवस्सिर गोकशी के मामले में वांछित चल रहा है। 
 सोमवार की दोपहर दादरी चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह पुलिस टीम के साथ दो गाड़ियां लेकर मुवस्सिर की घर पर दबिश डालने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने घर में मौजूद मुवस्सिर को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच आरोपित के परिवार की महिलाओं और अन्य लोगों ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने पुलिस टीम पर पथराव करते हुए पुलिस की दोनों गाड़ियां तोड़ डालीं। आरोपित को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। घटना के चलते पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में कई पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। खुद को भीड़ से घिरता देख पुलिसकर्मी जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर मौके से भागे। घटना की जानकारी मिलते ही थाने से लेकर आला अधिकारियों तक में हड़कंप मच गया। घटना में चोटिल हुए सभी पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया। इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 
Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Rajesh Kumar Tiwari

RELATED ARTICLES

Most Popular