मेरठ (हि.स.)। जानी थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कातिल चाकू टूटने तक महिला पर वार करता रहा। हत्या के पीछे किसी भीख मांगने वाले पर शक जताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कलंजरी गांव का रहने वाला राजू राजस्थान में ठेकेदारी का काम करता है। इन दिनों राजू अपने काम से राजस्थान गया हुआ है। बुधवार को राजू के बच्चे आशु और शैली अपने स्कूल चले गए। राजू की पत्नी कुमुद और उसका देवर दीपक घर पर अकेले थे। कुछ देर बाद दीपक भी किसी काम से घर से बाहर चला गया। थोड़ी देर बाद जब दीपक वापस लौटा तो कुमुद के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। दीपक ने भीतर जाकर देखा तो फर्श पर खून से लथपथ उसकी भाभी कुमुद की लाश पड़ी थी। महिला की हत्या बेरहमी के साथ चाकू से गोदकर की गई थी। टूटा हुआ आधा चाकू भी फर्श पर ही पड़ा था। घर में सेफ और अन्य चीजों का सामान बिखरा हुआ था।
जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पता चला कि दीपक के घर से जाने के कुछ देर बाद एक भीख मांगने वाला व्यक्ति घर में दाखिल हुआ था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। एसपी देहात केशव मिश्रा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Deepak Varun
