मेरठ (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 02 जनवरी को मेरठ में खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में कोरोना को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शिलान्यास कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों को कोरोना की आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
सलावा गांव में खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मेजर ध्यानचंद खेल विवि का शिलान्यास किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम में पश्चिम उप्र के 25 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को बुलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री इन खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही लगभग दस हजार खिलाड़ियों को भी खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में बुलाया जा रहा है।
कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही अतिथियों को प्रवेश
नगर मजिस्टेट अमित भटट ने बताया कि 02 जनवरी 2022 को सरधना तहसील के सलावा ग्राम में प्रधानमंत्री द्वारा मेजर ध्यानचन्द उप्र स्टेट स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नियुक्ति अधिकारियों, प्रधानमंत्री से भेंट करने वाले समस्त अतिविशिष्ट, विशिष्ट अतिथियों को कार्यक्रम से 48 घंटे पहले की कोविड की आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट होनी अनिवार्य है। प्रधानमंत्री के 25 खिलाड़ियों से संवाद कार्यक्रम अंतर्गत सभी 25 खिलाड़ियों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव होनी आवश्यक है। इसके लिए जिला प्रशासन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेरठ को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पूर्व एक टीम जिला अस्पताल व एक टीम सरधना तहसील के सलावा ग्राम में बने सभास्थल पर तैनात कराने के निर्देश दिए हैं।
कुलदीप
