Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ कैंट सीट पर 32 साल से भाजपा 'अजेय'

मेरठ कैंट सीट पर 32 साल से भाजपा ‘अजेय’

मेरठ (हि.स.)। पश्चिम उत्तर प्रदेश की एक ऐसी सीट, जिस पर 32 सालों से भाजपा चुनाव नहीं हारी। मेरठ कैंट विधानसभा सीट 1989 से भाजपा का गढ़ बनी हुई है। इस सीट से सपा, बसपा, रालोद को कभी जीत हासिल नहीं हुई। इस बार भाजपा ने दो बार मेरठ कैंट से विधायक रहे अमित अग्रवाल पर दांव लगाया है।

मेरठ कैंट विधानसभा सीट 1956 में अस्तित्व में आई और 1957 में हुए पहले चुनाव में कांग्रेस की प्रकाशवती सूद विधायक चुनी गईं। 1962 में प्रकाशवती सूद को फिर से जीत हासिल हुई। 1967 में कांग्रेस प्रत्याशी को पहली बार सोशलिस्ट पार्टी के वीरेश्वर त्यागी ने शिकस्त दी और विधायक चुने गए। 1969 में कांग्रेस के उमादत्त शर्मा फिर विधायक चुने गए। इसके बाद 1974, 1977, 1980 और 1985 में हुए चुनाव में कांग्रेस के अजीत सिंह सेठी चार बार विधायक चुने गए। कांग्रेस की जीत का सिलसिला 1989 में भाजपा प्रत्याशी परमात्मा शरण मित्तल ने तोड़ा और जीत हासिल की। परमात्मा शरण के निधन पर 1989 के उप चुनाव में उनकी पत्नी शशि मित्तल भाजपा की विधायक चुनी गईं। 1993 और 1996 में भाजपा के अमित अग्रवाल विधायक चुने गए। इसके बाद 2002, 2007, 2012 और 2017 में चार बार भाजपा के सत्यप्रकाश अग्रवाल विधायक बने। इस बार फिर से भाजपा ने पूर्व विधायक अमित अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। अब उन पर भाजपा की जीत का सिलसिला बरकरार रखने का जिम्मा है।

इस सीट पर कांग्रेस के अजीत सिंह सेठी और भाजप के सत्यप्रकाश अग्रवाल 04-04 बार विधानसभा पहुंचे। सपा, बसपा और रालोद जैसी क्षेत्रीय पार्टियों को मेरठ कैंट सीट पर कभी जीत हासिल नहीं हुई है। 2012 में बसपा प्रत्याशी सुनील वाधवा जीत के करीब पहुंचकर 3793 वोटों से शिकस्त खा गए। भाजपा ने इस बार अमित अग्रवाल और बसपा ने अमित शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। जबकि कांग्रेस और सपा-रालोद गठबंधन ने अब तक अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।

पिछला चुनाव रिकॉर्ड वोटों से जीते थे सत्यप्रकाश अग्रवाल

2012 में भाजपा के सत्यप्रकाश अग्रवाल बड़ी मुश्किल से बसपा प्रत्याशी सुनील वाधवा को हरा पाए, लेकिन 2017 में मोदी लहर में भाजपा प्रत्याशी ने 76 हजार 619 वोटों के अंतर से प्रचंड जीत हासिल की। उस समय भाजपा को 01 लाख 32 हजार 518 वोट मिले और बसपा प्रत्याशी सत्येंद्र सोलंकी को 55 हजार 899 वोट ही मिल सके। कांग्रेस के रमेश धींगरा को 39 हजार 650 वोट, रालोद के संजीव धामा को 03 हजार 851 वोट मिले।

मेरठ कैंट सीट से ये बने विधायक

वर्ष विजेता पार्टी

1957 प्रकाशवती सूद कांग्रेस

1962 प्रकाशवती सूद कांग्रेस

1967 वीरेश्वर त्यागी सोशलिस्ट पार्टी

1969 उमादत्त शर्मा कांग्रेस

1974 अजीत सिंह सेठी कांग्रेस

1977 अजीत सिंह सेठी कांग्रेस

1980 अजीत सिंह सेठी कांग्रेस

1985 अजीत सिंह सेठी कांग्रेस

1989 परमात्मा शरण मित्तल भाजपा

1989 (उपचुनाव) शशि मित्तल भाजपा

1993 अमित अग्रवाल भाजपा

1996 अमित अग्रवाल भाजपा

2002 सत्यप्रकाश अग्रवाल भाजपा

2007 सत्यप्रकाश अग्रवाल भाजपा

2012 सत्यप्रकाश अग्रवाल भाजपा

2017 सत्यप्रकाश अग्रवाल भाजपा

मेरठ कैंट सीट पर कुल मतदाता- 04 लाख 27 हजार 225, पुरुष मतदाता- 02 लाख 29 हजार 537, महिला मतदाता- 01 लाख 97 हजार 636, थर्ड जेंडर: 52।.

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular