Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ एनआईसी में हुआ मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लोकार्पण का प्रसारण

मेरठ एनआईसी में हुआ मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लोकार्पण का प्रसारण

मेरठ (हि.स.)। कोरोना से अपने माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले बच्चो के संरक्षण, शिक्षा, सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए उप्र मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारम्भ गुरुवार को लखनऊ में हुआ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारम्भ किया। राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की योजना प्रारम्भ करने वाला उप्र पहला राज्य है। मेरठ एनआईसी सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

उप्र मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 4050 बच्चों के बैंक खातों में 04 हजार प्रतिमाह की दर से तीन माह के 12 हजार का हस्तानांतरण और योजना के लिए बनाए गए लोगो का लोकार्पण राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर किया। मेरठ में 102 बच्चे इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। मेरठ एनआईसी में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुझाव दिया है कि पूरे भारत में इस तरह की योजना का क्रियान्वयन किया जाए। उप्र में कोरोना महामारी में अच्छा कार्य हुआ है। राज्यपाल ने कहा कि मेरी बेटी व दामाद ने एक पांच वर्षीय बच्चे को गोद लिया तथा उसकी शिक्षा, सुरक्षा व सशक्तीकरण पर कार्य किया। दहेज प्रथा को रोकने के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन कराना एक अच्छा उपाय है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है। महामारी से बचाव के उपाय के बावजूद भी कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है। अमेरिका की आबादी भारत की आबादी से एक चौथाई है तथा वहां इन्फ्रास्ट्रक्चर ज्यादा है। इसके बावजूद वहां कोरोना से हुई मृत्यु की संख्या भारत की तुलना में डेढ़ गुना से भी अधिक है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में 01 मार्च 2020 से अब तक अपने दोनों माता-पिता खोने वाले 240 बच्चे हैं तथा 3810 ऐसे बच्चे हैं जिन्हाेंने अपने माता-पिता में से एक या अपना लीगल संरक्षक खोया है।

कार्यक्रम उपरांत जिलाधिकारी के. बालाजी ने बच्चों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी भी प्रकार की चीज की जरूरत है या किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है तो बच्चे उनसे सीधे सम्पर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया आदि मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular