मेरठ (हि.स.)। मेरठ में आईपीएल के मैचों पर सट्टेबाजी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। शनिवार को पुलिस ने स्टार प्लाजा में छापेमारी करके सट्टेबाजी करते दस लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तहसील का एक बाबू भी शामिल है।
मेरठ शहर में आईपीएल पर सट्टा लगाने का बड़ा गिरोह सक्रिय है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि शनिवार को स्टार प्लाजा में एएसपी कैंट इरम रजा की टीम ने छापा मारकर दस लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक लाख 40 हजार रुपए बरामद हुए हैं। यह सभी आरोपित स्टार प्लाजा में आईपीएल पर सट्टा खेल रहे थे। इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने टीपीनगर में आईपीएल पर सट्टा खेलते चार लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से सात मोबाइल, 68 हजार रुपए नकद और एक रजिस्टर मिला था। एक सप्ताह पहले भी आईपीएल पर सट्टा खेलते हुए लोगों को पुलिस ने पकड़ा था। एसपी सिटी ने बताया कि आईपीएल में सट्टेबाजी को नहीं चलने दिया जाएगा। शुक्रवार और शनिवार को पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
