फिरोजाबाद (हि.स.)। नगर निगम में मांगों को लेकर धरना दे रहे पार्षदों और मेयर के बीच बुधवार को हुई वार्ता असफल हो गयी। जिसके बाद पार्षदों ने नारेवाजी करते हुये मांग पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी है।
नगर निगम के पार्षद नगर निगम में धरने पर बैठे है। उनकी मांग है कि तत्काल प्रभाव से कार्य समिति विभाग बनाया जाये, इसके अलावा उन्होंने नगर निगम राज्य वित्त आयोग की धनराशि का मनमाने तरीके से प्रयोग किये जाने पर रोक लगाने, पार्षदगणों को दस लाख रूपये की धनराशि के विकास कार्य अपने तरीके से जनता की मांग के अनुसार कराये जाने, 15वें वित्त आयोग की धनराशि से भेदभाव रोकते हुये कार्यों को कराये जाने, अधिकारियों द्वारा मनमाने तरीके से किये जा रहे कार्यों को रोकने, महिला पार्षदगणों एवं महिलाओं के लिये नगर निगम में टायलेट की व्यवस्था करने, प्रतिमाह निगम कार्यकारिणी की बैठक करने एवं उपसभापति कार्यालय बनाया जाये। बुधवार को मेयर नूतन राठौर धरना दे रहे पार्षदों के बीच पहुंची और वार्ता की लेकिन यह वार्ता असफल रही। नगर निगम के बार्ड संख्या 51 की भाजपा पार्षद विनीता अग्रवाल का कहना है कि जव तक मांग पूरी नही होती उनका यह धरना जारी रहेगा।
कौशल
