Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेडिकल कॉलेज से अपहृत बच्चे का कोई सुराग नहीं, पुलिस जांच में...

मेडिकल कॉलेज से अपहृत बच्चे का कोई सुराग नहीं, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ (हि.स.)। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड से अपहृत किए गए नवजात बच्चे का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चला। पुलिस नवजात बच्चे और अपहरणकर्ता की तलाश में जुटी है। इसके लिए सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

किठौर थाना क्षेत्र के महलवाला गांव निवासी नीटू की पत्नी डोली ने मेडिकल कॉलेज में सोमवार को बच्चे को जन्म दिया। डोली इस समय गायनिक वार्ड में भर्ती है। इस दौरान वार्ड में आने वाला एक युवक नीटू से घुल-मिल गया। युवक ने खुद को मेडिकल कॉलेज का कर्मचारी बताया। मंगलवार को उस युवक ने कहा कि नवजात बच्चे को नर्स ने टीका लगवाने के लिए मंगवाया है। विश्वास कर उस युवक को बच्चा दे दिया। इसके बाद युवक बच्चे को लेकर गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उस युवक का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद नीटू ने मामले की जानकारी मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को दी।

प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता के निर्देश पर अस्पताल परिसर में लगे 12 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जिसमें आरोपित युवक बच्चे को ले जाता दिखाई दे रहा है। उसके साथ एक अन्य युवक भी दिखाई दिया। इसके बाद मेडिकल थाने में बच्चे के अपहरण की तहरीर दी गई। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस नवजात बच्चे का कुछ पता नहीं लगा पाई।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है। इसके लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular