प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में देर शाम तक वृहद स्तर पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इसमें एक दिन में कुल 2197 मामलों से कुल 12,63,673 रुपये जुर्माना स्वरूप वसूल किया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को देते हुए बताया कि उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिभूषण एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वितीय हिमांशु शुक्ला के निर्देशन में प्रयागराज मंडल में वृहद स्तर पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। प्रयागराज मंडल से गुजरने वाली 40 गाड़ियों की जाँच की गयी, 100 से अधिक टिकट जांच कर्मियों, 39 रेलवे सुरक्षा बल एवं 25 राजकीय रेलवे पुलिस के माध्यम से वृहद स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया।
पीआरओ ने बताया कि इस चेकिंग अभियान में प्रयागराज मंडल से गुजरने वाली पैसेंजेर व एक्सप्रेस ट्रेनों समेत रेलवे स्टेशन की भी चेकिंग की गयी। जिसमें बिना टिकट यात्रा कर रहे 1025 यात्रियों से रुपये 7,53,303 जुर्माना स्वरूप वसूल किए गए एवं 1060 यात्रियों को अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा गया और जुर्माना स्वरूप 4,49,170 रुपए वसूल किए गए। इसी क्रम में 68 यात्रियो को रेल परिसर में गन्दगी फैलाते पकड़ा गया और जुर्माना स्वरूप 6800 रुपये वसूल किये गये। इस पूरे अभियान में 44 अनबुक्ड लगेज पकड़ा गया, जिससे जुर्माना स्वरूप 4400 रु. वसूल किया गया। इस प्रकार एक दिन में कुल 2197 मामलों से कुल 12,63,673 रुपये जुर्माना स्वरूप वसूल किया गया।
उन्होंने बताया कि मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान प्रयागराज में सहायक मण्डल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार, कानपुर में मुख्य यातायात प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह एवं सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक संतोष त्रिपाठी, अलीगढ़ में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजय गौतम एवं टूंडला में उप मुख्य यातायात प्रबंधक अमित सुदर्शन एवं दिवाकर शुक्ला मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक सहित मंडल के अन्य चेकिंग स्टाफ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा ि कइस टिकट जांच अभियान से अवैध यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाया जा रहा है, इससे आरक्षित यात्रियों को यात्रा में सुगमता हो रही है।
विद्या कान्त/पदुम नारायण
