मुरादाबाद (हि.स.)। थाना बिलारी कोतवाली क्षेत्र में फतेहपुर इब्राहीमपुर सम्पर्क मार्ग पर रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ में एक सिपाही जख्मी हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संदीप कुमार मीना ने बताया कि रविवार सुबह पांच बजे के करीब बिलारी थानाक्षेत्र में फतेहपुर इब्राहीमपुर सम्पर्क मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें गोली लगने से घायल हुए 25 हजार का इनामी बदमाश मुस्लिम बिलारी को पुलिस ने दबोच लिया। वह थांवला गांव का निवासी है। मौके से पुलिस टीम पर फायरिंग कर बदमाश का एक साथी बाइक गिराकर भाग निकला। मुठभेड़ में बिलारी थाने का सिपाही मोहित भी छर्रे लगने से जख्मी हो गया है। दोनों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, तमंचा, पशुओं काटने वाले औजार बरामद किए हैं।
एसपी देहात ने आगे बताया कि पकड़े गए बदमाश मुस्लिम पर मुरादाबाद और संभल जनपद के थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी मुस्लिम पर जून माह में एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वहीं, फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।
निमित जायसवाल
