नई दिल्ली (हि.स.)। पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान मजबूती का नया इतिहास लिखने के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में मुनाफा वसूली का दौर चलने की उम्मीद है। आज शेयर बाजार ने कमजोरी दिखाते हुए फ्लैट शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स आज 42.52 अंक की मामूली कमजोरी दिखाते हुए खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने 10.70 अंक लुढ़क कर आज के कारोबार की शुरुआत की।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार के दोनों सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी ने दिन भर के कारोबार में नया ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाने के बाद शानदारी मजबूती के साथ कारोबार का अंत किया था। बीएसई का सेंसेक्स 593.31 अंक की मजबूती के साथ 55,437.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का निफ्टी 164.70 अंक की बढ़त के साथ 16,529.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच आज प्री-ओपनिंग सेशन में शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई थी। सेंसेक्स 175.95 अंक की मजबूती के साथ 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 55,613.24 अंक के स्तर पर खुला था। वहीं प्री ओपनिंग सेशन में निफ्टी 0.12 फीसदी की छलांग के साथ 19.70 अंक मजबूत होकर 16,548.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभीतक आधे घंटे के कारोबार के बाद 9.45 बजे बिकवाली के दबाव में निफ्टी 35.50 अंक की कमजोरी के साथ 16,500 के स्तर से नीचे गिर कर 16,493.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह सेंसेक्स में भी अभी तक 89.63 अंक की कमजोरी आ चुकी है, जिसके कारण ये सूचकांक 9.45 बजे 55,347.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
