Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुठभेड़ में हत्या के तीन आरोपित समेत चार गिरफ्तार

मुठभेड़ में हत्या के तीन आरोपित समेत चार गिरफ्तार

-पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल

मथुरा(हि.स.)। रतनछतरी क्षेत्र में एक युवक की हत्या में फरार चल रहे हत्या के तीन आरोपितों को बुधवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी को जांच के दौरान ई-रिक्शा नम्बर के आधार पर पकड़ा गया है। घटना में अभी भी तीन आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक नगर मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार की देर रात वृंदावन के रतन छतरी इलाके के रहने वाले 32 वर्षीय लखन निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में परिजनों ने फाइनेंस कंपनी के लिए उगाही करने वाले लोगों पर शक जताया था। परिजनों ने पवन पहलवान सहित दो लोगों के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को मृतक लखन निषाद का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी तो पूरा मामला कुछ और निकला। घटनास्थल पर एक ई-रिक्शा दिखा, जिसमें सात लोग सवार थे। इन्हीं ई-रिक्शा सवारों ने पहले लखन को डंडा मारा और फिर उन्हीं में से एक अमित नाम के युवक ने पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस ने ई-रिक्शा चालक शंकर को हिरासत में लिया। शंकर के पुलिस हिरासत में बताया कि अमित, राकेश और भानु यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते वृंदावन छोड़कर भागने की फिराक में थे। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की देर रात आरोपितों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों आरोपित बचने के लिए बाइक से पवन हंस हेलीपैड पर पहुंच गए, जहां उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस को नजदीक आता देख अमित ने पिस्टल से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपित अमित के पैर में जा लगी। अमित के गोली लगते ही भानु और राकेश ने आत्मसमपर्ण कर दिया है। पुलिस ने तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक शंकर के अलावा युवक की हत्या में मुख्य आरोपी अमित, भानु और राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से पिस्टल, तमंचा, चाकू, कारतूस और बाइक बरामद की। तीन अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular