लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की एसटीएफ ने शनिवार को 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजय सिंह उर्फ बिज्जी उर्फ बिजेन्द्र सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया। वह रुपया लेकर हत्या तथा अन्य अपराध में लम्बे समय से संलिप्त था।
एसटीएफ के एडीजी ने बताया कि गोंडा पुलिस और एसटीएफ की सयुंक्त टीम से शनिवार को अंबेडकरनगर निवासी 50 हजार के इनामी विजय सिंह (45) की परसपुर के बेलसर मार्ग पर ग्राम चंदयीपांडे पुरवा के पास मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ हुई फायरिंग में इनामी बदमाश मार गिराया गया।
एडीजी ने बताया कि एसटीएफ काफी दिन से उसकी लोकेशन को ट्रैस कर रही थी। शनिवार को उन्हें सूचना मिली कि बिज्जी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना में निकला था। गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास अंतर्गत उसको एसटीएफ की टीम ने घेरा। इसके बाद उसने भागने का प्रयास किया तो एसटीएफ ने उससे सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में टीम ने भी गोली चलायी तो वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विजय सिंह को मृत घोषित कर दिया।
एडीजी ने बताया कि कुख्यात अपराधी पर हत्या, लूट, हत्या के प्रयास जैसे गंभीर प्रकृति के लगभग दो दर्जन अभियोग पंजीकृत थे। वह अम्बेडकरनगर के थाना महरूवा में लम्बे समय से वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। उसे तीन गोलियां लगी है।
दीपक
