मथुरा(हि.स.)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में बुधवार को तड़के एसओजी और सर्विलांस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश को गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कस्टडी में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश का एक साथी मौके से भाग निकला।
पुलिस अधीक्षक शहर मार्तंण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश अजय उर्फ अज्जू जनपद आगरा के पृथ्वीनाथ फाटक निवासी है। लूट और चेन स्नेचिंग करने का अपराधी है, जिसने मथुरा में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपित के खिलाफ जनपद मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद में 12 से अधिक मुकदमा दर्ज है।
मथुरा की एसओजी, सर्विलांस एवं थाना रिफाइनरी पुलिस को यह सूचना मिली कि चेन लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश अजय अपने साथी के साथ मथुरा आ रहा है। इस पर पुलिस ने दिल्ली नेशनल हाईवे पर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो उन लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाब में गाेली चलाई तो बदमाश अजय के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने अजय को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
पूछताछ में अजय ने बताया कि उसने थाना हाईवे क्षेत्र में महिला पत्रकार के गले से भी चेन तोड़कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा चार सितम्बर को घर के बाहर घूम रहे व्यक्ति के गले से चेन लूटकर फरार हो गए थे, यह वारदात को सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरोपित के कब्जे से पुलिस ने 31 हजार 600 रुपये, तथा अवैध शस्त्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की है।
महेश/दीपक
