Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुठभेड़ कर अपहरणकर्ता से पुलिस ने बच्ची को सकुशल छुड़ाया

मुठभेड़ कर अपहरणकर्ता से पुलिस ने बच्ची को सकुशल छुड़ाया

– कार्रवाई में एक बदमाश के पैर पर लगी गोली, घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज

औरैया (हि.स.)। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण की सूचना शुक्रवार को प्राप्त हुई थी। इस सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने तीन टीमों का गठन कर बच्ची की बरामदगी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे।

पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुये 10 घंटे में अपहरणकर्ता को मंगला काली मंदिर के पास घेर लिया। पुलिस को देखते ही अपहरणकर्ता ने फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली जा लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने अपहरणकर्ता के चंगुल से बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए परिजनों को सौंपा। जबकि घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने शनिवार को बताया कि एक बच्ची के अपहरण की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान बच्ची को लेकर भाग रहे अपहरणकर्ता को घेर लिया गया। बदमाश के फायरिंग का जवाब देते हुए पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया है और बच्ची को बरामद कर लिया गया है। पकड़ा गया अपहरणकर्ता बच्ची का मामा दीपक निवासी लड़ुआपुर थाना डेरापुर जनपद कानपुर देहात है। उसने दो लाख की फिरौती मांगी थी। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। अपहरण का उद्देश्य की जानकारी की जा रही है। प्रकरण के संबंध में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular