मुजफ्फरनगर (हि.स.)। प्रदेश की योगी सरकार में पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में दहशत फैल गई है। सोमवार को नगर कोतवाली में एक बदमाश ने हाथ जोड़कर अपराध नहीं करने की कसम खाई और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
योगी सरकार लगातार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इसी सख्ती के कारण अपराधी अब अपराध से तौबा करने लगे हैं। सोमवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के खालापार का निवासी हिस्ट्रीशीटर बसरुद्दीन उर्फ छोटा हाथ जोड़कर थाने पहुंचा। उसने एसओ आनंद देव मिश्रा के आगे हाथ जोड़ते हुए बताया कि वह नगर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। भविष्य में वह कोई अपराध नहीं करेगा। इसके बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ आनंद देव मिश्रा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि शामली और मुज़फ्फरनगर में कई अपराधी थाने में आत्मसमर्पण करके अपराध से तौबा कर चुके हैं। पुलिस की सख्त कार्रवाई से बदमाशों में हड़कम्प मचा हुआ है।
