Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण

मेरठ (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को मुजफ्फरनगर में जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल के रखरखाव, दवाईयों, व्यवस्था आदि के बारे में मरीजों से पूछा। कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक अपने तय समय से आधा घंटे पहले मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण करके वहां की व्यवस्था देखी। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मरीजों से उनका कुशलक्षेम लिया और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में बैठे मरीजों के तीमारदारों से भी सुविधाओं के बारे में पूछा।

उप मुख्यमंत्री ने सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार और जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह को दवाईयों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जनरल वार्ड और आइसोलेशन वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में दवाईयां मिलने के बारे में भी पूछा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसी व्यवस्था कर रही है कि किसी भी मरीज के उपचार में देरी ना हो। मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। झोलाछाप और फर्जी अस्पतालों के खिलाफ चलाए गए अभियान पर उप मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाने को कहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह और एसएसपी विनीत जायसवाल भी मौजूद रहे।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला से सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बूथों पर हुए कार्यक्रमों की जानकारी ली। तहत कार्यक्रमों की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular