मुजफ्फरनगर (हि.स.)। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत में मंगलवार को दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फुलत गांव निवासी संजय पुत्र अमर सिंह एवं राहुल पुत्र पप्पू के परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। होली पर सोमवार की शाम को भी दोनों पक्षों के बीच तकरार हुई थी।
मंगलवार को दोनों पक्षों में फिर से मारपीट हो गई। दोनों ओर से जमकर हथियार चले। इस दौरान फायरिंग भी हुई। गोली लगने से संजय घायल हो गया। जबकि बलकटी लगने से संजय का भाई सुभाष, भतीजा राहुल उर्फ पिंकू, सूर्या पुत्र सुभाष व राधा पुत्री सुभाष भी घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर दूसरा पक्ष फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेरठ के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर संजय को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, सीओ बुढ़ाना विनय गौतम, इंस्पेक्टर रतनपुरी विंध्याचल तिवारी मौके पर पहुंचे। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक के भाई मुनेश ने दो महिलाओं समेत 12 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी देहात का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएंगी।
