मेरठ (हि.स.)। मुजफ्फरनगर और बिजनौर जनपदों में दो विवाहिताओं की ससुराल वालों ने हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के कसोली गांव निवासी सतपाल की पुत्री रीनू की शादी छपार थाना क्षेत्र के बसेड़ा गांव निवासी विपिन से हुई थी। शनिवार की रात को रीनू अपने तीन बच्चों के साथ घर में सोई हुई थी। रविवार को थाने पहुंचे मृतका के पिता सतपाल ने आरोप लगाया कि रात में उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उन्होंने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रीनू के पति विपिन, देवर विकास, देवरानी पिंकी और रामचंद्र के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि हत्या के बाद सारे ससुरालिए घर से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
वहीं दूसरी ओर, बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के दहलावाला गांव निवासी चंद्रपाल सिंह की पुत्री इंदु की शादी तीन वर्ष पूर्व धामपुर थाना क्षेत्र के गांव कुंडीपुरा केदारपुर निवासी शेखर से हुई थी। रविवार की सुबह इंदु का शव उसकी ससुराल में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। पड़ोसियों ने इसकी सूचना मृतका के मायके वालों को दी। मायके वालों ने ससुराल में पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी जीत सिंह मौके पर पहुंचे। मायकों वालों ने इंदु की हत्या की आशंका जताते हुए ससुरालियों को गिरफ्तार करने की मांग की। बताया जाता है कि मृतका का पति शेखर मजदूरी करता था और आए दिन शराब पीता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
