-कार्यों में गति लाकर परियोजनाओं के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
लखनऊ (हि.स.)। मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने मंगलवार को गोरखपुर में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने 10 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ऐसी परियोजनायें जोकि मानव संसाधन, उपकरण व फर्नीचर के अभाव में क्रियाशील नहीं हो पा रही हैं, ऐसी परियोजनाएं जिनकी स्वीकृति अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, उसकी भी बैठक में विभागवार विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि ऐसी सभी परियोजनाएं जिनकी अभी तक स्वीकृति लम्बित है, उनका परीक्षण कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। ताकि समय से कार्य प्रारंभ हो जायें। सैनिक स्कूल गोरखपुर की समीक्षा में उन्होंने जिलाधिकारी गोरखपुर को तत्काल धन अवमुक्त करने के निर्देश दिये ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके।
इससे पूर्व वीडियोकान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित मण्डलायुक्त रवि कुमार एन.जी. ने महत्वपूर्ण एवं प्रमुख विकास कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के लोक निर्माण विभाग की सड़कों के 17 में से 14 कार्य आगामी दिसम्बर तक पूरे हो जायेंगे। नौसड़ पैडलेगंज छह लेन मार्ग, जिला जेल बाईपास चार लेन चौड़ीकरण तथा मनीराम-बालपुर-टिकरिया मार्ग चौड़ीकरण के कार्य क्रमशः अप्रैल 2022, फरवरी और सितम्बर 2022 में पूरे हो पायेंगे। गुलहरिया रामनगर नहर पटरी का कार्य तेज गति से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि बरगदवा चौराहे से फर्टिलाइजर मार्ग पर नकहा जंगल के समीप आरओबी, मनीराम के ओमकार नगर तिराहे से बालापुर टिकरिया मार्ग पर स्थित आरओबी, ट्रांसपोर्टनगर महेवा से रूस्तमपुर चौराहे तक फ्लाईओवर का निर्माण, मनीराम-पीपीगंज के मध्य आरओबी तथा चौरी चौरा-सोनबरसा मार्ग पर आरओबी का निर्माण स्वीकृति की प्रक्रिया में है। मुख्य सचिव ने सम्बन्धित प्रशासकीय विभागों से शीघ्र स्वीकृति व शासनादेश निर्गत कराने के निर्देश दिये।
नगर निगम कार्यालय भवन का कार्य मार्च 2022 तक पूरा किया जाना था लेकिन अब 15 नवम्बर 2021 तक ही पूरा कर लिया जायेगा। आईटीएमएस परियोजना के अन्तर्गत 21 जंक्शन में से 11 का कार्य नवम्बर 2021 तक तथा 10 का कार्य दिसम्बर तक पूरा हो जायेगा। 14 मॉड्युलर ओटी के उच्चीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। नर्सिंग कॉलेज बीआरडी मेडिकल कॉलेज तथा 500 बेड वाला बालरोग चिकित्सालय बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती अगले एक माह में पूरी हो जायेगी। मुख्य सचिव ने उक्त कार्य को तत्परता से कराने के सख्त निर्देश दिये।
महन्त अवैद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय जंगल कौड़िया का कार्य पूरा होने वाला है। एडमीशन प्रक्रिया चल रही है। अगले तीन दिन में फर्नीचर की आपूर्ति हो जायेगी। नवीन संकेत राजकीय मूक बधिर बालिका इन्टर कॉलेज आवासीय परियोजना के तहत भवन का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्य सचिव ने स्टाफ की तैनाती एवं जरूरी फर्नीचर की व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित कराकर उसे शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिये।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, गृह, नगर विकास, चिकित्सा शिक्षा, आवास, संस्कृति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, माध्यमिक शिक्षा, न्याय, पर्यटन, खेल, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, सिंचाई, राजस्व, दिव्यांगजन एवं महिला कल्याण विभाग की 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
