ग्रेटर नोएडा (हि.स.)। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के औद्योगिक सेक्टर 28, 29, 32,33 मेडिकल डिवाइसेज पार्क, टॉय पार्क, अपेरल पार्क, एमएसएमई पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की विकास की गति को और बढ़ाने तथा लैंडस्केपिंग पर अधिक कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्राधिकरण के सेक्टर 32 में स्थापित एवरी डेनिसन कंपनी का निरीक्षण भी किया गया। एवरी डैनीसन कंपनी के कार्यालय विश्व के 50 देशों में हैं। यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण में 12 एकड़ में स्थापित इस कंपनी में लेटेस्ट हाई स्पीड कोटिंग टेक्नोलॉजी की मशीनरी लगाई गई हैं। कंपनी के एचआर साउथ एशिया निदेशक अमिताभ सागर, वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार ने अपनी टीम के साथ मुख्य सचिव का स्वागत किया। एवरी डेनिशन कंपनी के प्रतिनिधियों ने यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण का कदम-कदम पर दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्य सचिव ने फैक्ट्री परिसर का भ्रमण किया तथा फैक्ट्री में लगी नवीनतम टेक्नोलॉजी की मशीनरी से सम्बंधित जानकारी प्राप्त की। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास विभाग अनिल सागर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण मोनिका रानी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवीन्द्र सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फरमान
