-बाबा विश्वनाथ के दरबार में पूजन-अर्चन के बाद व्यवस्था की ली जानकारी
वाराणसी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा प्रसाद शंकर मिश्र ने रविवार को फुलवरिया फोर लेन का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि परियोजना पहले से ही अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही है । इस परियोजना को माह सितम्बर 2023 तक हर हाल में पूरा कर लें। उन्होंने लहरतारा से रवींद्रपुरी की सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द से जल्द काम पूरा करने को कहा।
मुख्य सचिव अस्सी स्थित इंटरनेशनल हिन्दू स्कूल में भी पहुंचे। मुख्य सचिव ने स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव ने अपने बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने गुरुजनों द्वारा बचपन में दिए संस्कारों को भी याद करते हुए सभी बच्चों से अच्छे संस्कार सीखने को कहा। मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्य प्रणाली की तारीफ करते हुए उन्हें कर्मयोगी बताया।
उन्होंने कहा कि आज हमारा देश व प्रदेश अवसरों वाला देश है, आप किसी भी क्षेत्र में अपना भविष्य सवार सकते हैं। उन्होंने स्कूल स्थित प्रयोगशाला, भवन आदि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की खाली पड़ी दीवारों पर भी बच्चों के सीखने के लिए प्रस्तुतीकरण करने को कहा।
स्कूल के अध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्र तथा विद्यालय की सचिव रेवती मिश्र ने मुख्य सचिव का स्वागत करते हुए विद्यालय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य सचिव के साथ मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा तथा जिलाधिकारी एस राजलिंगम भी मौजूद रहे।
-कमिश्नरी कंपाउंड का निरीक्षण
प्रदेश के मुख्य सचिव ने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम व विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल के साथ कमिश्नरी कंपाउंड में बनने वाले मंडलीय कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया । प्रस्तावित प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी ली । गौरतलब है कि कमिश्नरी कंपाउंड स्थित बनने वाले मंडलीय कार्यालय का निर्माण विकास प्राधिकरण के द्वारा होना है जिसके बारे में पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा भी विस्तार से जानकारी ली गयी थी।
-मुख्य सचिव ने रोपवे परियोजना का किया निरीक्षण
मुख्य सचिव ने सिगरा भारत माता मंदिर स्थित रोपवे परियोजना की वर्तमान प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंपनी के अधिकारियों द्वारा उन्हें परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए लोड व पाइल टेस्टिंग की बात कही गयी। उन्होंने परियोजना की प्रगति में पूरी सतर्कता बरतते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया।
-बाबा विश्वनाथ के दरबार में भी हाजिरी लगाई
मुख्य सचिव ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया। इसके बाद मंदिर प्रशासन द्वारा शिवभक्तों,श्रद्धालुओं को मिल रही व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
श्रीधर/सियाराम
