फिरोजाबाद (हि.स.)। जनपद में सोमवार को मुख्य अथिति बने ऑटो चालक हरीश ने फीता काटकर यातायात माह का शुभारंभ किया। इस दौरान गुब्बारे, सफेद कबूतर उड़ाने के साथ ही ऑटो चालकों को ड्रेस वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि ऑटो चालक हरीश ने इस दौरान अपने विचार व्यक्त ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी दी और लोगों को उनके प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने यातायात के नियमों के सम्बन्ध में आमजन को जागरूक करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में सबसे ज्यादा मृत्यु होती हैं। इसलिये हम सभी को वाहन चलाते समय हेलमेट, शीट बेल्ट का अवश्य प्रयोग करना चाहिए। साथ ही यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए।
एसएसपी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अधिकारी, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, आमजन एवं एनसीसी के छात्रों को यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ दिलायी गयी। एसएसपी ने कहा कि अगर किसी के द्वारा वाहन चलाते समय यातयात नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके विरूद्ध कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
यातायात माह के शुभारम्भ के अवसर पर एनसीसी के छात्रों द्वारा नगर क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन करने वाली स्लोगन पट्टी लेकर रैली निकाली गयी एवं आमजन को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
