मऊ (हि.स.) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारी में लगा हुआ है । इसी क्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत जनपद मऊ में वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 10 जून 2022 को निश्चित है। इस सम्बन्ध में जनसामान्य से अनुरोध है कि जिनकी पुत्रियों की शादी तय हो गयी हो, वे ग्रामीण क्षेत्रों हेतु विकास खण्ड कार्यालय एवं नगरीय क्षेत्रों हेतु नगर पालिका / नगर पंचायत कार्यालयों से विवाह हेतु आवेदन पत्र निःशुल्क प्राप्त कर लें तथा फार्म पर फोटो एवं अन्य विवरण अंकित करते हुए आवेदन पत्र पूर्ण कराकर विकास खण्ड / नगर पालिका/नगर पंचायत कार्यालय मऊ में जमा करें। योजना में 35000 रुपये पुत्री के खाते में शादी के बाद स्थानान्तरित किया जायेगा। शादी समारोह में ही रू0 10000 की सामग्री यथा पायल, बिछिया चांदी का, वर कन्या हेतु कपड़े एवं बर्तन का सेट दिया जायेगा। रू0 6000 प्रति जोड़ा शादी में टेण्ट, प्रकाश, जलपान, भोजन एवं आतिथ्य सत्कार आदि में व्यय किया जायेगा। यह योजना सभी वर्गों / जातियों के गरीब अभिभावकों के लिए है। अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
आनन्द कुमार
