मेरठ (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मेरठ में सोमवार को 31 जोड़े विवाह के बंधन में बंध गए। उनकी शादियां सामाजिक और धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सोमवार को रजवाड़ा फार्म हाउस परीक्षितगढ एवं विकास खण्ड परिसर जानी खुर्द में सभी वर्ग के गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की सामूहिक शादियां संपन्न हुई। इस दौरान उनकी सामाजिक, धार्मिक मान्यता, परम्परा और रीति-रिवाज के अनुसार शादी हुई। इस दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन कराया गया।
रजवाड़ा फार्म हाउस परीक्षितगढ में 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। जिसमेें 05 हिन्दु एवं 15 मुस्लिम जोडे़ सम्मलित हुए। विवाह समारोह में मुख्य अतिथि परीक्षितगढ़ ब्लॉक प्रमुख ब्रह्म सिंह रहे। इस दौरान उप जिलाधिकारी मवाना कमलेश कुमार गोयल भी उपस्थित रहे।
विकास खण्ड परिसर जानी खुर्द में 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। जिसमें से 07 हिन्दु जोड़े एवं 04 मुस्लिम जोड़े सम्मलित हुए। जिनका सामूहिक विवाह इनकी रीति-रिवाज व धार्मिक परम्पराओं के अनुसार जिला प्रशासन की देख-रेख में सम्पन्न कराया। विवाह समारोह में मुख्य अतिथि सिवालखास विधायक जितेंद्र पाल सिंह रहे। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जानी रेखा रानी, उप जिलाधिकारी सदर संदीप भागिया, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेष राय, खण्ड विकास अधिकारी रोहटा व जानी खुर्द राजीव कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।
इस योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह के दौरान उपहारस्वरूप प्रत्येक कन्या को 35 हजार रुपये और 10 हजार रुपये का सामान दिया गया। इस प्रकार से 31 जोड़ों पर 15 लाख 81 लाख रुपये खर्च हुए।
