प्रयागराज(हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी शुक्रवार को प्रयागराज आएंगे। माफिया अतीक अहमद के कब्जे से लूकरगंज में मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए तैयार 76 फ्लैट्स के लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। तत्पश्चात लूकरगंज स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी इस जमीन पर फ्लैट्स निर्माण के लिए दिसम्बर 2021 में भूमि पूजन करने प्रयागराज आए थे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने डेढ़ साल में इन फ्लैटों को तैयार कर लाभार्थियों को लॉटरी के माध्यम से आवंटन भी कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री करीब साढ़े 10 बजे प्रयागराज हवाई मार्ग से पहुंचेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस जाएंगे और 11:30 बजे लूकरगंज में आयोजित कार्यक्रम में चयनित 76 लाभार्थियों को फ्लैट्स की चाबी सौंपेंगे। पीडीए की तरफ से 1731 वर्गमीटर में तैयार किए गए 76 फ्लैटों के लिए कुल 6071 लोगों ने आवेदन किया था। इस योजना के अंतर्गत फ्लैट के लिए आवंटी को कुल साढ़े तीन लाख रुपये पीडीए को भुगतान करने होंगे। इसमें 45 हजार रुपये आवंटन के समय और शेष बचे तीन लाख रुपये किस्त में देने होंगे।
विद्या कान्त/मोहित
