Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर में निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की

मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर में निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की

– आदि शक्ति मां शाकुम्भरी देवी को प्रणाम करते हुए निकायों में भी कमल खिलाने की अपील

सहारनपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी का चुनाव प्रचार करने उतर पड़े हैं। मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को सहारनपुर में पहली जनसभा की। इस दौरान उन्होंने निकायों में भाजपा को जिताने की अपील की, तो विपक्ष पर हमलावर भी दिखे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का सीमांत जनपद अपनी समृद्ध इतिहास के लिए जाना जाता है। युवा, व्यापारी, उद्यमी, किसान का जनपद सहारनपुर है। मैं यहां बार-बार आता रहा हूं। मैंने सहारनपुर को नजदीक से देखा है। बिजली नहीं आती थी। दंगे होते थे। कनेक्टिविटी नहीं थी। लखनऊ की दूरी तय करने में आठ से 10 घंटे लगते थे। आज सहारनपुर विकास की चमक से चमकता है। दिल्ली अब यहां से दूर नहीं है। देहरादून अब दूर नहीं है।

योगी ने कहा कि पहले डिग्री के लिए युवाओं को मेरठ जाना पड़ता था। अब युवाओं को यहां ही मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से डिग्री मिलेगी। जीवन भर डिग्री पर मां शाकुम्भरी की फोटो उसके सफलता को आशीर्वाद देती रहेगी।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सहारनपुर उपेक्षित रहता था। क्योंकि यहां दंगे करवाए जाते थे। सिख भाइयों को दंगों की आग में झोंका जाता था। पहले शोहदों का आतंक था। बेटियां दूर पढ़ने जाती थीं। आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बना है।

प्रधानमंत्री का विजन, यूपी का है मिशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां चाह वहां राह, रास्ते खुद बनते जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा, यहां मिला। पहले तो आम जन मानस को वंचित रखा जाता था। आपको तय करना होगा कि युवाओं के हाथ में तमंचे चाहिए या टैबलेट और स्मार्टफोन। गलियों में अपराधियों की गोलियों की तड़तडाहट चाहिए या शहरों की गलियों में भजन गंगा का प्रवाह, रंगदारी वसूली करने वाले गुंडे चाहिए या गरीबों, स्ट्रीट वेंडरों को स्वनिधि देने वाली व्यवस्था, हमें शोहदों का आतंक चाहिए या सेफ सिटी।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता स्मार्ट सिटी सेफ सिटी होनी चाहिए। उप्र में न कर्फ्यू न दंगा, अब उप्र में सब ओर चंगा। अब उप्र में रंगदारी और फिरौती नहीं है। माफिया-अपराधी अतीत हो गए हैं। सुरक्षा, खुशहाली और रोजगार का अब उप्र प्रतीक बना है। अब उपद्रव नहीं उत्सव हमारी पहचान है। अब माफिया नहीं, महोत्सव हमारी पहचान है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के अलावा शामली और अमरोहा में भी निकाय चुनाव प्रचार करेंगे। रोड शो और चुनावी सभाएं आयोजित होनी हैं।

दिलीप शुक्ल/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular