Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी ने ललितपुर में बंडई बांध का किया लोकार्पण, बोले बुन्देलखण्ड...

मुख्यमंत्री योगी ने ललितपुर में बंडई बांध का किया लोकार्पण, बोले बुन्देलखण्ड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग

कहा-कांग्रेस ने अपने शासन में विकास कार्यों की उपेक्षा की, राम मंदिर निर्माण में बाधा डाली

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बुन्देलखण्डवासियों को एक नए बांध की सौगात दी। उन्होंने ललितपुर में बंडई बांध का लोकार्पण किया। सूखे से कराहने वाले जनपद के लिए ये परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। इससे जहां हजारों हेक्टेयर फसलों की सिंचाई होगी वहीं ये क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझाने में भी मददगार साबित होगा।
इस परियोजना को मुख्यमंत्री का जनपद को बड़ा तोहफा माना जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों के उत्साह को देखते हुए बुन्देलखण्ड को विकास की नई ऊंचाई पर चढ़ाकर धरती का स्वर्ग बनाने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर देश में सबसे लम्बे समय तक शासन करने के बाजवूद विकास कार्यों की उपेक्षा और राम मंदिर निर्माण में बाधा पैदा करने का आरोप लगाया। 
ललितपुर एयरपोर्ट की मंजूरी मिलने से चंद घंटे में पहुंच सकेंगे लोग
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बुन्देलखण्ड में प्रदेश सरकार द्वारा कराये जा रहे विभिन्न कार्यों का जिक्र किया और ललितपुर के लिए विभिन्न योजनाओं की जनसभा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब कोई नहीं कह पाएगा कि ललितपुर एक उपेक्षित जिला है। उन्होंने कहा कि ललितपुर में हम लोग सड़कों का जाल तो बिछा ही रहे हैं, साथ ही एयरपोर्ट की सुविधा भी देने जा रहे हैं। हवाई सेवा शुरू होने से यहां से लोग चन्द घंटे में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि ललितपुर से दिल्ली की दूरी एक घंटे से भी कम समय में पूरी हो जाएगी। मुम्बई में दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को लेकर हम लोग सैद्धांतिक निर्णय कर चुके हैं और उस पर हमारी कार्रवाई तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। ललितपुर में पहले चरण में 72 सीटर क्षमता वाले प्लेन उतर सकेंगे।
बुन्देलखण्ड को विकास के क्षेत्र में बेहद आगे पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या इससे पहले किसी ने सोचा था कि ललितपुर में मेडिकल कॉलेज बन सकता है। हमारी सरकार इस दिशा में भी यहां कार्य कर रही है। उन्होंने जनसभा में लोगों के उत्साह को देखते हुए कहा कि लोगों की यही ताकत विकास कराएगी। यही हौसला बुन्देलखण्ड को विकास की नई ऊंचाई पर चढ़ाकर धरती का स्वर्ग बनाएगा। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड को विकास के क्षेत्र में बेहद आगे पहुंचाना है।
हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का हो रहा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लायी जा सके, इसके लिए तमाम कार्य योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि चाहे वह सड़क मार्ग के कार्य हों, पेयजल की सुविधाएं हो, स्वास्थ्य सुविधा सम्बन्धी कार्य हों, यहां कोई अन्य योजना, सभी के जरिए यहां के लोगों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से आया बड़ा परिवर्तन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार बनने के बाद से बड़ा परिवर्तन आया है। ललितपुर के लोग मेहनत पर विश्वास रखते हैं और जब यहां पर इस प्रकार की परियोजनाएं आएंगी तो खुशाली कई गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के अन्दर आज बहुत बड़ा परिवर्तन हो रहा है। वर्ष 2014 के पहले गरीबों को राशन नहीं मिलता था। बिजली-पानी पर्याप्त रूप से नहीं मिली। स्वास्थ्य की सुविधाओं का अभाव था। आवास योजना का लाभ नहीं मिलता था। वहीं अब ये सब सम्भव हुआ है। 
उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार ने तय किया है कि 2022 तक हर परिवार को एक-एक आवास उपलब्ध करने का कार्य किया जाएगा। सरकार छूटे हुए गरीबों के घरों में बिजली का कनेक्शन पहुंचाएगी और रसोई गैस के कनेक्शन को पूरा करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही स्वास्थ्य बीमा कवर भी हर एक व्यक्ति को उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा, जिससे पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा उन्हे प्राप्त हो सकेगा। 
कांग्रेस के एजेंडे में कभी नहीं रहे गरीब और गांव 
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह काम पहले भी हो सकता था। कांग्रेस ने इस देश में लम्बे समय तक शासन किया। लेकिन, गरीब और गांव उसके एजेंडे में कभी नहीं था। वह गरीबों का काम नहीं करते थी। विकास की योजनाओं को भी उनकी सरकार आगे नहीं बढ़ाती थी। वहीं जो समय उनके पास बचता था, तो अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में भी बाधा पैदा करते थे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है उन्होंने जनसभा में लोगों से इसके निर्माण के लिए सहयोग करने की बात भी पूछी। लोगों के सहमति में हाथ उठाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राम विरोधियों के कानों में आकर ये बात घुसी होती उन लोगों ने कभी राम मंदिर के मार्ग में बाधा नहीं पैदा की होती। आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं किया होता। मुख्यमंत्री के भाषण लोगों ने बीच बीच में श्रीराम के नारे भी लगाए।
हर न्याय पंचायत में खोली जाएगी एक बड़ी गोशाला 
मुख्यमंत्री ने कहा कि और सरकार ने कुछ और निर्णय भी किए हैं। इसमें एक हर न्याय पंचायत में एक बड़ी गोशाला खोली जाएगी। जो किसान अपने घर में निराश्रित गोवंश को रखेगा, उसे हर माह 900 रुपये उपलब्ध कराया जाएगा। कोई परिवार जहां कुपोषण है, अगर वह परिवार दुधारू गाय रखता है, तो उसे 900 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध करायश जाएगा। 
ललितपुर को अटल आवासीय विद्यालय देने का निर्णय
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कुछ और निर्णय किए हैं। इसके तहत ललितपुर में अटल आवासीय विद्यालय देने का निर्णय किया गया है। जो रजिस्टर्ड लेबर हैं और जगह-जगह काम करने के लिए जाने के कारण वह अपने बच्चों को नहीं पढ़ा पाते हैं। ऐसे में सरकार ने उन बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी ली है और इसी कड़ी में यह विद्यालय ललितपुर में देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड की तर्ज पर इन बच्चों को हम अच्छी शिक्षा देंगे। पढ़ा लिखा कर योग्य बनाएंगे।
अब किसी भी बीमारी का सामना करने के लिए तैयार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना कालखंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर बहुत बड़ा कार्य किया गया। हर गरीब को राशन दिया गया। जनधन अकाउंट धारक को हर महीने 500 रुपये दिए गए। इसी तरह वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य पेंशन धारकों के खाते में धनराशि भेजी गई। रेहड़ी-ठेला लगाने वालों को भरण-पोषण भत्ता दिया गया। उन्होंने कहा कि अब कोई भी बीमारी आएगी तो हम सामना करने के लिए तैयार हैं। लेकिन सावधानी बरतेंगे। जागरूकता भी पैदा करेंगे। हमारे यहां कोई व्यक्ति जहां कहीं भी कार्य कर रहा होगा हम उसका हर जिले में रजिस्ट्रेशन करेंगे। उसके परिवार को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। वह जहां कहीं भी इलाज कराना चाहेगा तो पांच लाख रुपये उसे उपलब्ध हो जाएंगे।
किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है बंडई बांध परियोजना
बंडई बांध परियोजना तहसील मड़ावरा के ग्राम धौरीसागर स्थित धसान नदी की सहायक बंडई नदी पर निर्मित की गई है। परियोजना पर कार्य 2013-14 से प्रारंभ किया गया था। इसके अन्तर्गत रबी में 1975 हेक्टेयर तथा खरीफ की 1050 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे ग्राम धौरीसागर , पिसनारी , टौरी , देवरा , हंसरा , सेमरखेड़ा , बम्हौरीखुर्द , मानपुरा , मरौलीमाफ , गिरार एवं भीकमपुर ग्रामों के किसान लाभान्वित होंगे । ग्रामवासियों को पेयजल की सुविधा के साथ-साथ फसलों की सिंचाई को पानी भी मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular