Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी ने 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' पर दी बधाई, बताया लोकतंत्र का...

मुख्यमंत्री योगी ने ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ पर दी बधाई, बताया लोकतंत्र का अधिकार-कर्तव्य

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ पर सभी मतदाताओं को बधाई दी है। 

मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि सहभागी लोकतंत्र को समर्पित ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ की प्रदेश के सभी सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि मतदान, महादान है। यह हमारा अधिकार और कर्तव्य है। हर मतदाता में इस भावना का जागरण राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य है। आइए, सहभागी और जीवंत लोकतंत्र के लिए हम सभी संकल्पित हों।
उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने अपने ट्वीट में कहा कि आप सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी मतदाता विशेष तौर पर युवा मतदाता संकल्प लें कि वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करायें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक बनायें। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति आपका मत है। इसलिए इसके प्रति जागरूक बनें और अपने मत का प्रयोग करें। 
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समस्त देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आइये, अपने मत के अधिकार के महत्व को समझें और लोकतंत्र को अधिक सशक्त बनाने के लिए हमेशा मतदान करने का संकल्प करें। 
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। लोकतंत्र की असली शक्ति आपका मत है, इसलिए इसके प्रति जागरूक बनें और अपने मत का उपयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लें।
मतदाता दिवस का आयोजन 25 जनवरी 2011 से शुरू हुआ था। इस दिन तत्कालीन राष्ट्रपत‌ि प्रतिभा पाटिल ने ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ का शुभारम्भ किया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य लोगों की मतदान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ मतदाताओं को एक अच्छा साफ-सुथरी छवि का प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान के लिए जागरूक करना है।  इस बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘मतदाताओं को सशक्त, सचेत, सुरक्षित और जागरूक’ बनाना है।
Submitted By: Sanjay Singh Fartyal Edited By: Rajesh Kumar Tiwari

RELATED ARTICLES

Most Popular