– वीरांगना झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को भगवान महावीर की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही मुख्यमंत्री ने अमर वीरांगना झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, संपूर्ण विश्व में सत्य, शांति एवं भ्रातृत्व की भावना का प्रसार करने वाले, जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर ट्वीट कर लिखा, अपने अदम्य शौर्य एवं पराक्रम से ब्रिटिश आक्रांताओं को भयाक्रांत करने वाली, रानी लक्ष्मीबाई की परम सहयोगी, अमर वीरांगना झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि मां भारती की रक्षा के लिए आपके द्वारा प्रज्ज्वलित क्रांति की लौ युगों-युगों तक पाथेय का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ एवं सुयशपूर्ण जीवन की प्रार्थना है।
इसके साथ ही राज्य विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होने पर मुख्यमंत्री ने रजनीकांत महेश्वरी, साकेत मिश्रा, लालजी निर्मल, तारिक मंसूर, राम सूरत राजभर एवं हंसराज विश्वकर्मा को बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
जितेन्द्र
