महोबा (हि.स.)। उज्जवला योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करने के लिए वर्चुअल रुप से उपस्थित हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आभार जताया। उन्होंने प्रधानमत्री का स्वागत करते हुए द्वितीय चरण के शुभारम्भ के लिए उप्र की वीरभूमि महोबा चुनने के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने बदलते उत्तर प्रदेश की पूरी तस्वीर को पेश करते हुए विकास कार्यों की उपलब्धियों को उनके समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जवला योजना के प्रथम चरण को स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले मंगल पाण्डे की भूमि बलिया से शुरु किया गया था। इसका दूसरा चरण मंगलवार में बुन्देलखण्ड की वीर धरा महोबा से शुरु किया जा रहा है। इसके लिए वह प्रधानमंत्री का केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी,उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व प्रभारी मंत्री धर्मेश समेत पूरे यूपी और वीरभूमि महोबा के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। 06 वर्ष पूर्व इस अभूतपूर्व कार्य के लिए बलिया से 8 करोड़ लोगों को उज्ज्वला के तहत सिलेंडर देने का काम किया। इनमें से यूपी के डेढ़ करोड़ लोगों को लाभ मिला। कोरोना काल में फ्री गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए। यह नारी गरिमा व उसके स्वास्थ के प्रति आपकी बेहतर सोच को प्रकट करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आपकी अनुकम्पा से देश के 50 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा। 02 करोड़ 61 लाख परिवारों को इज्जत घर,सामूहिक विवाह,07 लाख 81 हजार कन्या सुमङ्गला योजना, 29 लाख को पेंसन भी आपके द्वारा प्रदान हुआ है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने को है। डिफेंस कॉरिडोर के लिए झांसी में 3 हजार एकड़ जमीन खरीद ली गई है। चित्रकूट में 300 एकड़ जमीन को ले लिया गया है। बुन्देलखण्ड की सबसे बड़ी समस्या पेयजल को हर घर जल योजना से समाप्त करते हुए गौरान्वित किया जा रहा है। बुंदेलखंड की सबसे बड़ी समस्या सिंचाई व पेयजल की समस्यायों पर चल रहा कार्य। 40 प्रतिशत जल जीवन मिशन पूर्ण हो चुका है। चित्रकूट व ललितपुर में एयरपोर्ट के लिए तैयारी चल रही है। एलपीजी कनेक्शन यूपी में 1 करोड़ 47 लाख थे आज 3 करोड़ से अधिक कनेक्शन लोगों के पास हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को इस वर्ष करोड़ों के तेल की बचत होने वाली है। कहा कि द्वितीय चरण में विभिन्न वर्गों की एक करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर मिलेंगे।
दस महिलाओं को सीएम ने मंच से दिए प्रतीकात्मक सिलेंडर
पीएम ने बटन दबाकर उज्वला योजना के द्वितीय चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान पंडाल में 1000 महिलाएं उपस्थित रही,जिन्हें आज मुफ्त सिलेण्डर वितरित किए जाने थे। इस दौरान ममता,मंजू,मोनू,सीमा कुमारी समेत 10 महिलाओं को मंच पर बुलाया गया। मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें प्रतीकात्मक रूप सिलेण्डर प्रदान किये।
