Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी ने पुलिस उप निरीक्षक पद पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति...

मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस उप निरीक्षक पद पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंदिरा प्रतिष्ठान में वर्ष 2021-22 की परीक्षा में चयनित 9055 उप निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चयनित अभ्यर्थियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी को मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उप्र में साल 2017 से अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक है।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और डीजीपी डीएस चौहान सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी चौहान ने पौधा देकर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का स्वागत किया। अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने उप मुख्यमंत्री पाठक का स्वागत किया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े सिविल पुलिस बल का हिस्सा बनने के लिए मैं आपका दिल से अभिनंदन करता हूं। आप सब सौभाग्याशाली हैं कि नियुक्ति पत्र प्राप्त के दौरान आपको प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वचन मिला। योगी ने कहा कि 2017 में डेढ़ लाख से अधिक कार्मिकों की जगह रिक्त थी। भाजपा सरकार आने के बाद रिक्त पदों को भरा गया। पहले की सरकार में यह सुविधा नहीं थी, लेकिन भाजपा सरकार के आते ही पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को बढ़ाया गया। ट्रेनिंग की क्षमता को तीन गुना किया गया। 2017 की तुलना में आज 3 गुना महिला कार्मिक हैं। पीएसी की तीन महिला बटालियन का गठन किया। पीएसी की 54 बटालियन को पुनर्गठित किया गया। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भर्तियां की जा रहीं है। अग्निशमन विभाग के पास उपकरण नहीं थे आज अत्याधुनिक उपकरण आग बुझाने के लिए मौजूद हैं।

इससे पहले डीजीपी डीएस चौहान ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप का यहां आना आपकी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। आप ऐसा पुलिस बल ज्वाइन कर रहे हैं जो एक परिवार की तरह कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आप यूपी पुलिस में चार लाख का फोर्स है। डेढ़ लाख से अधिक रिक्रूटमेंट पिछले डेढ़ साल में किए गए हैं।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular