गोरखपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर के तारामंडल स्थित वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला से सूर्यग्रहण का दीदार किया।
मुख्यमंत्री ने नक्षत्रशाला पहुंचकर आंशिक सूर्यग्रहण का नजारा देखा। टेलिस्कोप और विशेष चश्मे से खगोलीय घटना का अवलोकन करने के साथ ही उन्होंने वैज्ञानिकों से ग्रहण की आवृत्ति, समय और ग्रहों को लेकर जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री मौजूद लोगों को यह भी समझाते रहे कि कोई भी नंगी आंखों से सूर्यग्रहण न देखे। इस मौके पर कई प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इस खगोलीय घटना का नजारा देखने के लिए आम लोग भी नक्षत्रशाला पहुंचे थे।
गोरखपुर में सूर्य ग्रहण शाम 4:38 से 5:29 बजे तक रहा। मुख्यमंत्री 4:40 बजे नक्षत्रशाला पहुंचे। यहां उन्होंने पहले टेलिस्कोप से और फिर विशेष चश्मे एवं स्पेशल बायनाकुलर से सूर्यग्रहण को देखा। ग्रहण अवलोकन के दौरान वह वैज्ञानिकों से जानकारी भी लेते रहे। मुख्यमंत्री ने पूछा कि नवम्बर माह में पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण लगेगा, आखिर इतनी जल्दी-जल्दी ग्रहण क्यों लग रहे हैं। इसके जवाब में वैज्ञानिकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एक साल में 5 से 7 सूर्य एवं चंद्रग्रहण लग सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से कहा कि अमावस्या और पूर्णिमा के दिन ग्रहण की प्रवृत्ति के क्रम में आज अमावस्या के दिन आंशिक सूर्यग्रहण की दुर्लभ खगोलीय घटना देखने का अवसर प्राप्त हुआ। ब्रह्मांड के बहुत से रहस्यों को अभी उद्घाटित किया जाना शेष है। इन रहस्यों का पता लगाकर मानव कल्याण का मार्ग और प्रशस्त किया जा सकता है।
आमोद
