कहा, धर्म-मनुष्यता की रक्षा के लिए अविस्मरणीय संघर्ष मानव समाज के लिए अनुकरणीय
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने खालसा पंथ के संस्थापक दसवें सिख गुरु गोबिंद सिंह की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि खालसा पंथ के संस्थापक, महान संत श्रद्धेय श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को उनकी जयन्ती पर कृतज्ञ मानवता की ओर से कोटिशः नमन। धर्म एवं मनुष्यता की रक्षा के लिए आपका अविस्मरणीय संघर्ष मानव समाज के लिए अनुकरणीय है। सत्य, शील और करुणा का संदेश देता आपका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने समाज को सत्य, न्याय, धर्म और भलाई के लिए प्रेरित किया। गुरु गोबिंद सिंह जी ने जुल्म, अन्याय, अत्याचार के विरुद्ध आगे बढ़कर नेतृत्व प्रदान किया। गुरु जी ने समाज के उपेक्षित वर्ग के लोगों को समाज की मुख्य धारा में सम्मिलित कर सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। हम सभी को गुरु गोबिंद सिंह के बताए रास्ते पर चलकर देश और समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि धर्म की रक्षा और मानव कल्याण के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले,महान योद्धा, सच्चे पथप्रदर्शक,त्याग व वीरता के प्रतीक, सिक्खों के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी की जयन्ती पर उन्हें शत्-शत् नमन! श्री दीक्षित ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की जयन्ती प्रकाश पर्व के रूप में भी मनायी जाती है। उन्होंने मानवता को शांति, प्रेम, करुणा, एकता और समानता के साथ-साथ भारतीय जीवन मूल्यों की रक्षा और समाज के उत्थान के लिए खालसा पंथ के जरिए राजनीतिक और सामाजिक विचारों को आकार दिया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि धर्म की रक्षा और मानव कल्याण के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले, महान योद्धा एवं सच्चे पथप्रदर्शक, त्याग व वीरता के प्रतीक गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन। समस्त देश व प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि धर्म एवं मानवीय मूल्यों के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले, वीरता एवं साहस की प्रतिमूर्ति, सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयन्ती पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि धर्म व मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले सिख धर्म के महान गुरु गोबिंद सिंह जी की जयन्ती की हार्दिक बधाई शुभकामनाएं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वाहे गुरु दा खालसा-वाहे गुरु दी फतेह, सिक्खों के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां।
Submitted By: Sanjay Singh Fartyal Edited By: Deepak Yadav
