लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के सांसद आजम खां को झूठे मामलों में फंसाने का आरोप लगाकर एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कहा कि निर्दोषों को फंसाना भाजपा का एजेण्डा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विपक्षी नेताओं का उत्पीड़न करके खासतौर पर खुशी मिलती है। भाजपा षड्यंत्र में लगी है। मोहम्मद आजम खां को झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि हमें न्यायालय पर भरोसा है।
अखिलेश रविवार को पार्टी मुख्यालय में संत गाडगे बाबा की 64वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोहम्मद आजम खां ने रामपुर में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना की। गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा तक दिलाने की व्यवस्था की। जनपद में तमाम विकास कार्य किये।
यहां तक कि कुम्भ मेला की सुचारू व्यवस्था के लिए विदेशियों और साधु-संतो ने भी उनकी प्रशंसा की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि आजम साहब सामाजिक सद्भाव के पैरोकार रहे है। सरकार जानबूझकर बदले की भावना से न केवल मोहम्मद आजम खां अपितु उनकी पत्नी और बेटा के खिलाफ फर्जी मुकदमें लगाए जा रही है। जेल में उन्हें यातना दी जा रही है। समाजवादी पार्टी उनके पक्ष में निरंतर आवाज उठाती रही है।
इस मौके पर सपा अध्यक्ष ने संत गाडगे के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बाबा के समाज सुधार आंदोलन से प्रेरणा लेने को कहा। अंधविश्वास और कुरीतियों के विरोध के साथ शिक्षा, स्वच्छता और लोक शिक्षण की दिशा में उनके अप्रतिम योगदान के अनुकरण पर भी उन्होंने बल दिया। उन्होंने कहा कि संत गाडगे निष्काम कर्मयोगी थे। उन्होंने महाराष्ट्र के कोने-कोने में अनेक धर्मशालाएं, गौशालाएं, विद्यालय, चिकित्सालय तथा छात्रावासों का निर्माण कराया। यह सब उन्होंने लोगों से भीख मांगकर बनाया लेकिन, अपने लिए एक कुटिया तक नहीं बनवाई।
