लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों और सरकारी कर्मियों से असहाय, गरीब परिवारों के साथ दीपावली मनाने की अपील की है। इससे प्रदेश के प्रत्येक परिवार के लिए यह पर्व हर्षोल्लास एवं उमंग से भर जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश में विधायक, सांसद, महापौर, जिला पंचायत के अध्यक्ष, सदस्य, ब्लाॅक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, नगर नकायों के चेयरमैन, पार्षद, ग्राम प्रधान व सदस्यों की संख्या आठ लाख से अधिक हैं। 20 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी हैं। इन सबसे मेरी अपील है। लोग अगर ठान लेंगे तो प्रदेश के अंदर हर व्यक्ति के घर में, हर गरीब, वंचित परिवार के घर में भी दीपावली का यह पर्व उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया जा सकता है। वह सभी लोग एक घर को एडाप्ट करें। उनके घर पर ही दीप प्रज्वलित करें। उनके घर तक दिवाली की मिठाई पहुंचाने में अपना योगदान दें। दीपावली का यह पर्व पूरे प्रदेश वासियों के लिए सुखमय हो। भगवान राम की कृपा हम सब पर बनी रहे। इसके साथ ही दीपावली की प्रदेशवासियों को अनंत शुभकामनाएं।
