लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र का नामकरण राज्य सरकार के दिवंगत मंत्री चेतन चौहान के नाम पर करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी ने क्षेत्रीय जनता की भावनाओं को सम्मान देते हुए सोमवार को यह निर्णय किया।
दरअसल मुरादाबाद में होमगार्ड विभाग का मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री आफिस के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट पर आज लिखा, ‘‘क्षेत्रीय जनता की भावनाओं को सम्मान देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद मुरादाबाद में निर्मित होमगार्ड विभाग के मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र का नामकरण स्व. चेतन चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री, उप्र सरकार के नाम पर करने की अनुमति दी है।’’
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी चेतन चौहान की पिछले दिनों कोरोना से मौत हो गई थी। चेतन चौहान अमरोहा जिले की नौगांवा विधानसभा सीट से 2017 में विधायक चुने गए थे और योगी सरकार में सैनिक कल्याण, होम गार्ड, पीआरडी, नागरिक सुरक्षा विभाग के मंत्री थे।
