Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी का पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार पर हमला, राज्य के लिए नहीं...

मुख्यमंत्री योगी का पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार पर हमला, राज्य के लिए नहीं परिवार के लिए होता था काम

– भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में शनिवार को यहां भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बोलते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले 14-15 सालों में प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया गया है। आबादी के यहां से उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर। आर्थिक दृष्टि से छठे पायदान पर खड़े थे। आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। पहले माफिया की सरपरस्ती में सरकार चलती थी। उन्हीं के हिसाब से योजनाएं बनती थीं। आज आमजन के लिए सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता के लिए राजनीतिक क्षेत्र में नहीं आई है। देश समाज की सेवा के लिए पार्टी आई है। कोरोना जैसी महामारी में जिस तरह से भाजपा और उसकी सरकारों ने काम किया है वह साबित करता है कि हम विकास के साथ जुड़कर काम करने वाले हैं। दुनिया के अंदर सबसे बड़ी ताकत अमेरिका माना जाता है। सबसे बड़ी आर्थिक ताकत है। सबसे बड़ी सामरिक ताकत भी है। वह दुनिया में कुछ भी कर सकता है लेकिन कोरोना काल में अमेरिका के प्रबंधन को दुनिया ने देखा है।

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के माध्यम से गरीबों को सहायता दी। आत्मनिर्भर भारत योजना के माध्यम से छोटे छोटे व्यवसायियों, पटरी दुकानदारों को सहयोग किया गया। गरीबों को अन्न की सुविधा उपलब्ध कराने का भी काम किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 साल में महामारी आती है। देश का सबसे बड़ा प्रदेश उत्तर प्रदेश है। मैं यह कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश के अंदर कोरोना प्रबंधन देश और दुनिया के सामने बेहतरीन रहा। साथ में यह भी कह सकता हूं की भूख से एक भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई। यह इसलिए हो पाया क्योंकि सरकार ने फ्री में राशन उपलब्ध कराया। सरकार ने सबकी चिंता की।

लोगों की उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेशवासियों के प्रति धारणा भी बदली है। आप ने समर्थन दिया। बदले में सुरक्षा का वातावरण देना मेरा काम है। लखनऊ ही नहीं चित्रकूट, ललितपुर, सहारनपुर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कहीं भी चले जाइए, वहां तक सरकार पहुंचती ही नहीं थी। कोई उन लोगों का हालचाल लेने वाला नहीं था। सत्ता से घिरे हुए माफिया और कांट्रैक्टर सरकार की योजनाएं बनाते थे। मुझे याद है समाजवादी पार्टी की सरकार थी मैं गोरखपुर में था। कृषि उत्पादन आयुक्त का दौरा गोरखपुर का हुआ। उनसे पहले वहां कृषि मंत्री पहुंचे थे। मैंने कृषि उत्पादन आयुक्त से कहा कि कुशीनगर में गन्ने की फसल में कुछ कीड़े लगे हैं। अच्छा होता कि आप लोग इसकी समीक्षा कर लेते। उन्होंने कहा कि जानकारी नहीं है। समीक्षा कर लूंगा। मैंने उनसे पूछा कि क्या कृषि मंत्री ने आपको नहीं बताया। कृषि मंत्री उसी क्षेत्र के थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश बाढ़ की चपेट में डूबा रहता था। दूसरी तरफ सरकार सैफई में मस्त रहती थी। सैफई में फिल्मी हस्तियां का जमावड़ा रहता था। प्रदेश के विकास का पैसा एक जगह केंद्रित होकर रह जाता था। आमजन के विकास का कोई सरोकार नहीं था। व्यक्तिगत संतुष्टि केवल महत्वपूर्ण थी। पिछली सरकार में डीजीपी ऑफिस के सामने ही माफिया ने पांच हवेलियां खड़ी कर दी। इस सरकार में ढहाया गया। जांच कराने की बात आई तो कहा गया कि इससे काम नहीं चलेगा। तो मैंने कहा कि बुलडोजर तो है।

RELATED ARTICLES

Most Popular