शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) देशों के पर्यटन मंत्रियों व उनके प्रतिनिधियों की बैठक और रात्रिभोज में भी सहभाग करेंगे
वाराणसी(हि.स.) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मुख्यमंत्री का स्वागत राज्यमंत्रियों अनिल राजभर,रविन्द्र जायसवाल,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य,विधायक पिंडरा डॉ. अवधेश सिंह,कैंट विधाायक सौरभ श्रीवास्तव,भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा आदि नेताओं के साथ पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन और अन्य पुलिस अफसरों ने किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गये।
सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन से संबंधित तैयारियों को परखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मार्च को काशी आएंगे। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री नदेसर स्थित एक तारांकित होटल में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) देशों के पर्यटन मंत्रियों की बैठक और रात्रि भोज में शामिल होंगे। इसके बाद वे रात नौ बजे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। रात में ही मुख्यमंत्री बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन पूजन भी कर सकते हैं। इसके बाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
श्रीधर
