-निकाय चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन कर देंगे जीत का मंत्र
वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वाराणसी पहुंचे। शहर में आने के बाद मुख्यमंत्री सिगरा स्थित रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय ‘यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां से मुख्यमंत्री अपराह्न में काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन के बाद सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित कर सर्किट हाउस में जायेंगे। अपराह्न 3.40 बजे हेलीपैड पुलिस लाइन से वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जायेंगे।
जनसभा में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रबुद्धजन पूर्वाह्न से ही पहुंचने लगे। सभा में मुख्यमंत्री के आने के पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अफसर सतर्क दिखे। सभा में मुख्यमंत्री 21 लाभार्थियों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र देंगे। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुख्यमंत्री चार लोगों को घर की चाबी, सीएम बाल सेवा योजना व स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत छह लोगों को लैपटॉप, एमएसएमई की तरफ एलडीएम में ओम विला एक्सपोर्ट एवं होटल टूरिज्म को 27 करोड़ का चेक, कुमार उद्योग विकास प्राइवेट लिमिटेड को 32 करोड़ का चेक, महिला हेल्प ग्रुप व अन्य योजना में चेक वितरण देंगे। कार्यक्रम में ही साथ ही ग्रामीण खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स किट वितरण, गंगा दूत और नशा मुक्ति उन्मूलन कार्यक्रम में प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
श्रीधर
