– विंध्य कॉरिडोर के निर्माण कार्य का लिया जायजा
– कार्य में प्रगति लाने का दिया निर्देश
मीरजापुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में शीश नवाया। विंध्य काॅरिडोर के निर्माण कार्य का जायजा लिया। नक्शे देखकर इंजीनियरों से जानकारी ली, कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आज दोपहर लगभग 2.20 बजे पुलिस लाइन पहुंचे। उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी थे। वहां सांसद अनुप्रिया पटेल, विधायक रमा शंकर सिंह पटेल, आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र, डीएम दिव्या मित्तल ने स्वागत किया। विंध्याचल पहुंचने के बाद मां विंध्यवासनी का विधि विधान से दर्शन-पूजन किया। न्यू वीआईपी रोड में पैदल चलकर निरीक्षण किया।
सुरक्षा की दृष्टि से मुख्यमंत्री की गुजरने वाले मार्ग पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री सुरक्षा दल के लोगों ने गुरुवार से ही विंध्यधाम में डेरा डाल दिया था। इसके बाद करीब तीन बजे कार से मंडलायुक्त सभागार पहुंचेंगे, जहां जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर में हो रहे निर्माण कार्य के संबंध में समीक्षा बैठक करेंगे।
प्रोटोकाल के मुताबिक साढ़े तीन बजे वह हेलीकाप्टर से प्रयागराज के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण के दृष्टिगत मां विंध्यधाम में जलरोधक पंडालों की व्यवस्था, सुरक्षा की दृष्टि से कराए जा रहे बैरिकेडिंग, न्यू वीआइपी, पुरानी वीआइपी मार्ग, कोतवाली मार्ग, पक्का घाट मार्ग समेत सभी इंतजाम किया गया था।
गिरजा शंकर
