मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे वाराणसी, करेंगे समीक्षा बैठक
वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। आजमगढ़ से मुख्यमंत्री का हेलीकाॅप्टर सीधे पुलिस लाइन मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। यहां जिले के प्रशासनिक अफसरों के साथ भाजपा नेताओं,जन प्रतिनिधियों और राज्यमंत्रियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पुलिस लाइन मैदान से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में सर्किट हाउस रवाना हो गये।
सर्किट हाउस में कुछ देर विश्राम के बाद मुख्यमंत्री मंडलायुक्त सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले भक्तों की सुविधा आदि की जानकारी लेंगे। इसके लिए अलग से प्रस्तुतीकरण भी तैयार किया गया है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री काशी के कोतवाल कालभैरव और काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद देर शाम दो परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री फुलवरिया फोरलेन और प्रस्तावित रोपवे परियोजना का निरीक्षण भी कर सकते हैं। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री अगले दिन शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने के बाद लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के आने के पहले कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने अफसरों के साथ फुलवरिया फोरलेन का निरीक्षण किया। इसके बाद लहरतारा रेलवे ब्रिज का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
श्रीधर