वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर में वाराणसी पहुंचे। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरा। यहां मुख्यमंत्री का प्रशासनिक अफसरों के साथ जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच जंगमबाड़ी मठ में आयोजित वीर शैव सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना हो गये। सम्मेलन में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री वापस सर्किट हाउस में लौटेंगे। यहां कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
समीक्षा बैठक के बाद शाम छह बजे डीएवी पीजी कालेज में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चौरी-चौरा कांड की 100 वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद देर रात शहर में निमार्णाधीन व पूरी हो चुकी परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। अगले दिन शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रशासन के कामकाज का फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी के प्रस्तावित दौरे के पूर्व ही विकास के साथ पीएम के प्राथमिकता आधारित परियोजनाओं को लेकर अफसरों को दिशा निर्देश भी देंगे।
श्रीधर
