Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री ने 219 प्रधानाचार्यों को सौंपे नियुक्ति पत्र

 मुख्यमंत्री ने 219 प्रधानाचार्यों को सौंपे नियुक्ति पत्र

लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मिशन रोजगार के अंतर्गत उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा चयनित 219 प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक नए शिक्षकों की नियुक्ति न हो जाए तब तक सेवानिवृत्त शिक्षकों से ही सेवाएं ली जाएं। उन्हें एक फिक्स मानदेय दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में माध्यमिक शिक्षा के कॉलेज नकल के अड्डे बन गए थे। ठेके पर नकल कराई जाती थी। पिछले छह वर्षों में इसमें सुधार हुआ है। गत वर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद के द्वारा संपन्न हुई हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा देश में एक नजीर बनी है। परिषद ने 15 दिन के अंदर 56 लाख विद्यार्थियों की नकल विहीन परीक्षा कराई और 15 दिन के अंदर ही परिणाम भी दे दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य शिक्षण संस्थान की रीढ़ होते हैं। अगर प्रधानाचार्य अनुशासित रहकर कॉलेज में नई गतिविधियों और नवाचारों को बढ़ावा देते हैं तो उसके सार्थक परिणाम सामने आते हैं। प्रधानाचार्यों को विद्यालयों को रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनाकर अभिभावकों से संवाद करना चाहिए। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश-दुनिया और युवा एवं महिला कल्याण से जुड़ी सरकार की योजनाओं के बारे में भी जानकारी देनी चाहिए। इससे विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ जागरुकता भी आती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। देश में सबसे ज्यादा आध्यात्मिक पर्यटन यहीं है, जिसमें भारी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2017 के पहले तक प्रदेश में सिर्फ डेढ़ से दो करोड़ पर्यटक आते थे। आज यह संख्या बढ़कर एक वर्ष में 30 करोड़ पर्यटकों की हो चुकी है। प्रदेश में एक पर्यटक के आने से विभिन्न तरह के रोजगार सृजित होते हैं। अगर सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएं तो उत्तर प्रदेश देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बन सकता है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा का केंद्र रहा है। आजादी के समय देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षकों की आपूर्ति उत्तर प्रदेश करता था। हमें फिर से उस दिशा में प्रयास करते हुए अनुशासित और राष्ट्रभक्त नागरिकों की फौज खड़ी करनी होगी।

कार्यक्रम में माध्यमकि शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाबो देवी, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार समेत कई प्रमुख मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ल/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular