Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

-रक्षाबंधन भारत की गुरु-शिष्य परम्परा का भी है त्यौहार

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

गुरुवार को यहां जारी एक बधाई सन्देश में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्यौहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व तो है ही, यह भारत की गुरु-शिष्य परम्परा का त्यौहार भी है।

गारेक्ष पीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। श्रावण मास में ऋषिगण आश्रम में रहकर अध्ययन और यज्ञ करते थे। श्रावण पूर्णिमा को मासिक यज्ञ की पूर्णाहुति होती थी। यज्ञ की समाप्ति पर यजमानों और शिष्यों को रक्षासूत्र बांधने की प्रथा थी। इसका पालन रक्षाबंधन के रूप में भी किया जाता है। रक्षाबंधन का त्यौहार समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ाने का कार्य भी करता है। यह दान के महत्व को प्रतिष्ठित करने वाला पावन त्यौहार है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी सावधानियां बरतते हुए रक्षाबंधन का पर्व मनाने की अपील की है।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular