Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति के अन्तर्गत 'निर्भया-एक पहल' कार्यक्रम का शुभारम्भ किया

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति के अन्तर्गत ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया

-75,000 महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम तथा कौशल क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां लोकभवन में मिशन शक्ति के अन्तर्गत ‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर ‘एक जनपद-एक उत्पाद योजना’ के विशेष आवरण तथा विशेष विरूपण का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कुछ महिलाओं को किट भी वितरित किये।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा सुरक्षा जरूरी है। सुरक्षा से सम्मान के साथ जीवन जी सकते हैं। मिशन शक्ति के तहत अलग-अलग चरण में अलग लक्ष्य था। पहले चरण में सुरक्षा बड़ी चुनौती थी। सबसे पहले सरकार ने एन्टी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया। पिंक बूथ स्थापित किये गए। फिर शक्ति केंद्र बनाने का काम हुआ।

एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की इच्छा थी कि महिलाओं को भी ओडीओपी से जोड़ा जाए। इससे महिलाएं स्वावलंबी होंगी। इन महिलाओं को ओडोओपी के प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। महिलाएं उद्यमी बनेंगी। निर्भया फंड के लिए छह करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।

यह रहा कार्यक्रम

‘निर्भया-एक पहल’ कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रति जिला एक हजार महिलाओं का एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम तथा तीन दिवसीय कौशल क्षमता विकास प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा। 75,000 महिलाओं को इस कार्यक्रम के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जिलों में सम्बन्धित जिलों के ओडीओपी उत्पाद के सम्बन्ध में भारतीय डाक विभाग के सहयोग से एक विशेष कवर तथा विशेष विरूपण का अनावरण एवं विमोचन किया गया। इस प्रकार, एक ही दिवस और समय पर प्रदेश में 75 विशेष आवरण जारी किया गया। यह सभी आवरण देश के विभिन्न डाक घरों में भेजे जाएंगे। इससे प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों को व्यापक राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

इस मौके पर राज्य मंत्री उदय भान सिंह, मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular