लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड टीकाकरण को और तेज करने के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक पहली डोज न पाने लेने वालों की अलग सूची तैयार कराएं। जिनका दूसरा डोज ओवरड्यू हो गया हो उनकी पृथक सूची बनाई जाए। दिव्यांग, अक्षम, निराश्रित, वृद्ध जनों से संपर्क कर उनका टीकाकरण कराएं। सीएमओ स्तर से ग्राम प्रधानों, पार्षदों का सहयोग लिया जाए। प्रदेश भर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की मदद से जागरूक करने की कवायद को शुरु किया जाए। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन का डोज प्राप्त कर सकें।
कोविड टीके की दोनों खुराक पाने वालों की संख्या सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में है। यहां 05 करोड़ 03 लाख अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 11 करोड़ 23 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। यह संख्या टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी की लगभग 76.20 फीसदी से अधिक है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक 16 करोड़ 27 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। कोविड टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है।
उच्चस्तरीय टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश देते हुए कहा कि कोविड से बचाव के लिए ट्रेसिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट और टीकाकरण की नीति के सही क्रियान्वयन से प्रदेश में महामारी पूरी तरह नियंत्रित है। बीते 24 घंटों में हुई 01 लाख 53 हजार 569 सैम्पल की जांच में कुल 07 संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 03 संक्रमित कोरोना मुक्त भी हुए। आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 92 है। कोविड पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए सावधानी और सतर्कता जरूरी है।
सभी जगहों पर मास्क को अनिवार्य कराएं
विश्व के अनेक देशों में नए वैरिएंट के संक्रमित मिलने की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे में हमें बहुत सतर्कता-सावधानी की जरूरत है। सभी जगहों पर मास्क को अनिवार्य कराएं।
इसके अलावा दूसरे देशों और प्रदेशों से उत्तर प्रदेश आ रहे हर व्यक्ति की जांच जरूर की जाए। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, बिना किसी की जांच किए उसे बाहर न आने दिया जाए। केंद्र सरकार की तरफ से गाइडलाइंस को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। पहले चरण में इंटरस्टेट कनेक्टिविटी वाले बस स्टेशन पर जांच को तेजी से बढ़ाते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट को लेकर शासन की ओर से जीनोम सिक्वेंसिंग की व्यवस्था करने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं। लखनऊ के केजीएमयू , पीजीआई, गोरखपुर, झांसी, मेरठ में तेजी से जीनोम सीक्वेंसिंग की व्यवस्था की जाए।
नगर विकास और ग्राम्य विकास विभाग प्रदेश में स्वच्छता और सेनिटाइजेशन की कार्यवाही को तेज करें। प्रदेश में निगरानी समितियों को सक्रिय करे। ताकि कोविड से संक्रमित व्यक्तियों की समय से पहचान हो जाए और उनका समय पर इलाज हो सके।
प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना अभियान स्वरूप में की जा रही है। इस तरह अब तक विभिन्न जिलों में कुल 525 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील किये जा चुके हैं। शेष प्लान्ट की स्थापना का कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर सुविधा मिल सके इसके लिए परिवहन निगम की बसों को लेकर समीक्षा बैठक करें और बसों को जल्द से जल्द ठीक कराएं। प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालय, छात्रावास में सभी व्यवस्थाओं को ठीक किया जाए, इसको लेकर विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर समीक्षा करे और जवाबदेही तय करें।
