-समस्त अनुष्ठानों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करने की अपील की
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयन्ती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार को यहां जारी एक शुभकामना सन्देश में कहा कि भारतीय सांस्कृतिक परम्परा में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्य अवतार लेकर प्रलय के अंत तक सप्त ऋषियों एवं वेदों की रक्षा की, जिससे पुनः सृष्टि का निर्माण सम्भव हो सका।
इसके साथ ही, भगवान शंकर ने इसी दिन त्रिपुरासुर नामक राक्षस का अंत किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व मानव मात्र को प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
योगी ने गुरु नानक जयन्ती पर भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक दूसरे सन्देश में कहा कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के सर्व-धर्म समभाव एवं सामाजिक सद्भाव के सन्देश में सम्पूर्ण मानवता का कल्याण निहित है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने आडम्बरों और अंधविश्वासों का प्रतिकार करके समाज को नई दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयन्ती के अवसर पर समस्त अनुष्ठानों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करने की अपील भी की है।
