Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री को पत्र लिखा और कर ली आत्महत्या

मुख्यमंत्री को पत्र लिखा और कर ली आत्महत्या

– नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार हुआ था शिवेन्द्र

बलिया (हि. स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर मोहल्ला निवासी एक युवक नौकरी के झांसे में कुछ इस कदर फंसा कि उसने आत्महत्या कर ली। रविवार शाम को युवक ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र लिख कर इस घटना को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर निवासी शिवेंद्र कुमार सिंह (36) पुत्र सुशील कुमार सिंह ने इससे पहले सुसाइड नोट लिखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र में उसने उल्लेख किया है कि कुछ साल पहले दो लड़कों से मुलाकात हुई थी, जिसमें से एक मोरिया तहसील मेहनगर जिला आजमगढ़ तथा दूसरा जवही दियर बलिया का निवासी है, जिन्होंने नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपए मांगे थे। जिनको हमने दे दिया था। इसके बाद इन लोगों ने हमें एक फर्जी लेटर एवं आई कार्ड दे दिया। मैं समझा कि मेरी नौकरी लग गई है। फिर उन्होंने बताया कि अभी पाँच सीट खाली है। तुम और लड़के बताओ, तुम्हें प्रति लड़का एक लाख रुपए रुपए देंगे। इसके बाद मैंने अपने दोस्तों से नौकरी के बारे में बात की, जिनमें से शहर कोतवाली के बनकटा निवासी एक दोस्त ने मुझे दो लाख रुपए नौकरी के नाम पर दिए।

मैंने उस पैसे को जवही दीयर निवासी युवक को दे दिया था, लेकिन कई साल बीत गए, नौकरी नहीं मिली। जिसके बाद मेरा दोस्त ब्याज सहित पैसे की मांग करने लगा। इसके बाद मैंने पांच प्रतिशत ब्याज के साथ पैसे लौटा दिया, लेकिन वह 10 प्रतिशत ब्याज के साथ पैसे की मांग कर रहा है। साथ ही कह रहा है कि अगर 10 प्रतिशत ब्याज के साथ पैसे नहीं दोगे तो तुम्हारे लड़के को जान से मार देंगे और तरह-तरह से उनके परिवार के लोग घर पर आकर मुझे और मेरे परिवार को प्रताड़ित करने लगे। जिससे तंग आकर मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इस मामले में यही तीन लोग मुख्य आरोपी हैं। जिनसे पैसा वसूली कर मेरी पत्नी पूजा सिंह को देने की कृपा की जाए, क्योंकि मेरी पत्नी के सभी गहने गिरवी रखे गए हैं। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री जी आप मेरे साथ न्याय करेंगे। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

एन पंकज/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular